आवश्यक सामग्री – Ingredients for Varki Laccha Choor Choor Paratha
- मैदा – 1 कप (150 ग्राम)
- गेहूं का आटा – 1 कप (150 ग्राम)
- घी – 3-4 टेबल स्पून
- अजवायन – ½ छोटी चम्मच
- नमक – ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि – How to make Warqi Paratha
आटे को किसी बर्तन में निकालिय. साथ में ही मैदा डालकर मिक्स कर दीजिए. आटे में नमक, अजवायन और 2 छोटी चम्मच घी डालकर मिला लीजिये. आटे में थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर एकदम नरम आटा गूंथकर तैयार कर लीजिये (आटा गूंथने के लिये 1 कप पानी की मात्रा का उपयोग हुआ है जिसमें से 1 टेबल स्पून पानी बच गया है). गूथे हुये आटे को ढककर 20-25 मिनिट के लिये रखिये, आटा फूलकर सैट हो जायेगा.
20 मिनिट बाद आटे के सैट होने पर, हाथ पर थोड़ा सा घी लगाकर आटे को मसल लीजिए. गुंथे हुये आटे से थोड़ा सा आटा निकालिये और गोल लोई बना लीजिये (लोई को आप अपनी पसंद अनुसार छोटा या बड़ा जैसे चाहें बना सकते हैं). लोई को सूखे आटे में लपेटकर 10-12 इंच के व्यास में गोल, पतला परांठा बेल लीजिये, बेले हुये परांठे पर थोड़ा सा घी लगाकर चारों ओर फैला दीजिए. परांठे को तीन भाग करते हुए मोड़िए. पहले थोड़ा सा मोड़कर उसके ऊपर घी लगाकर फैलाएं. फिर दूसरे भाग को मोडे़ और पहले के ऊपर रखकर फिर इस पर भी घी लगाकर फैला दीजिए और फिर से इसे फोल्ड करके घी लगइए और दूसरे भाग को फोल्ड करते हुए चौकोर लोई तैयार कर लीजिए. (परांठे को फोल्ड करने का तरीका आप हमारे विडियो में देख सकते हैं).
लोई को फिर से सूखे आटे (परोथन ) में लपेटकर दोबारा चौकोर पतला परांठा बेल लीजिये. परांठे के ऊपर घी लगाकर फैला दीजिए और परांठे को फिर से पहले के जैसे तीन भाग में मोड़ लीजिए. परांठे पर थोड़ा सा घी लगाकर इसे फिर से तीन भाग में फोल्ड कर लीजिए. चौकोर लोई बनकर तैयार है.
लोई को फिर से सूखे आटे (परोथन ) में लपेटकर चौकोर पतला परांठा बेलकर तैयार कर लीजिए. इस तरीके से 81 लेयर वाला परांठा तैयार है.
परांठा सिकने के लिए तवे को गरम कीजिये. थोड़ा घी डालकर चारों ओर फैलाइये. परांठे को तवे पर डालिये, परांठे को मीडियम आंच पर सिकने दीजिए. परांठे के ऊपर की सतह का कलर डार्क होने पर परांठे को पलट दीजिये, और निचली सतह सिकने पर परांठे की ऊपर की सतह पर घी डालकर परांठे के ऊपर फैलाइये. परांठे को पलटिये और दूसरी सतह पर भी घी डालकर फैलाइये. परांठे को दोनों ओर से ब्राउन चित्त्ती आने तक सेकिये. सिका परांठा तवे से उतारकर प्लेट पर रखी प्याली के ऊपर या नैपकिन पेपर बिछी प्लेट पर रखिये. सारे परांठे इसी प्रकार सेककर तैयार कर लीजिए. इतने आटे से 6 परांठे बनकर तैयार हो जाते हैं.
गरमागरम वरकी लच्छा चूर चूर परांठा बनकर तैयार है. परांठे के साथ दही, आलू टमाटर की सब्जी, मटर आलू की सब्जी, मटर पनीर की सब्जी या अपनी मनपसंद सब्जी परोसिये और खाइये.
सुझाव
- परांठे के आटे में तेल भी मिला सकते हैं.
- परांठे को सिर्फ आप गेंहू के आटे या केवल मैदा से भी बना सकते हैं.