आवश्यक सामग्री – Ingredients for Veg Rawa Idali

चार लोंगों के लिये.

  • रवा (सूजी) –  2 कप
  • दही — 2 कप
  • नमक — स्वादानुसार (1 छोटी चम्मच से थोड़ा कम)
  • शिमला मिर्च – 1 बारीक काटी हुई
  • फूल गोभी — 1/2 कप बारीक कटा हुआ
  • हरे मटर के दाने – 1/4 कप
  • हरी मिर्च —1-2 बारीक कटी हुई
  • अदरक —1 इंच का टुकड़ा, कद्दूकस किया हुआ
  • उरद की दाल – 1 छोटी चम्मच
  • राई या काली सरसों – 1/2 छोटी चम्मच
  • हरा धनियाँ — 2 टेबल स्पून, बारीक कटा हुआ
  • तेल – 2-3 छोटी चम्मच
  • ईनो सल्ट — 1 छोटी चम्मच

विधि – How to make Veg Rawa Idali

दही को फैट लीजिये.  रवा (सूजी)  को एक प्याले में लेकर दही मिलाइये.   अच्छी तरह चमचे से चला कर इतना घोलें कि उसमें गुठलियाँ न हों, अगर घोल ज्यादा गाढ़ा हो तो 2-3 टेबल स्पून पानी मिला दीजिये,  नमक, कटी हुई सब्जियाँ, अदरक, हरी मिर्च, हरा धनियाँ डाल कर मिला लीजिये. छोटे पैन में 1 छोटी चम्मच तेल डालकर गरम कीजिये, गरम तेल में राई डालिये, राई तड़कने पर उरद की दाल डालिये और जैसे ही दाल हल्की ब्राउन हो जाय, इन्हैं इडली के मिश्रण में मिला दीजिये, मिश्रण को 10-15 मिनिट के लिये रख दीजिये, ताकि रवा फूल कर तैयार हो जाय.

कुकर में 2 छोटे गिलास पानी डाल कर गैस पर रख दीजिये.  इडली स्टैन्ड खानों में तेल लगा कर चिकना कीजिये.

15 मिनिट बाद मिश्रण में ईनो साल्ट डाल कर चमचे से मिला लीजिये, जैसे ही बबल आ जाय चलाना बन्द कर दीजिये (ईनो साल्ट डालने के बाद घोल को ज्यादा देर तक फैटते रहे तो एअर बाहर निकल जाती है और इडली स्पंजी नहीं बनती)

मिश्रण को चमचे की सहायता से पत्येक खाने में भर दीजिये. खांचों को इडली स्टैन्ड में अरेन्ज करके कुकर में रख दीजिये. ढक्कन से सीटी हटाकर कुकर को बन्द कर दीजिये, इडली को 10-12 मिनिट पकने दीजिये,  इडली बनकर तैयार हैं.

एक बार में 12 या 18 इडली बना सकते हैं, यह इडली स्टैन्ड के साइज के ऊपर निर्भर है. इडली को चैक करने के लिये: इडली में चाकू गड़ा कर देख लीजिये अगर मिश्रण चाकू पर नहीं चिपकता है तब इडलियाँ पक गयीं हैं.

इडली स्टैन्ड को कुकर से निकाल लीजिये और खोल लीजिये, ठंडा होने के बाद चाकू की सहायता से इडली स्टैन्ड से इडलियाँ निकाल लें, और प्लेट में सजा कर रख लें. अब मूंगफली की चटनी और हरे धनिये की चटनी के साथ खाइये.