आवश्यक सामग्री – Ingredients for Besan Sev Recipe
- बेसन- 2 कप
- तेल- ¼ कप (बेसन गूंथने के लिए)
- बेकिंग सोडा- ¼ छोटी चम्मच से कम
- मसाले- 10 से 12 काली मिर्च, 4 से 5 लौंग, 1 इंच दालचीनी का टुकड़ा (पिसे हुए)
- नमक- ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- तेल- सेव तलने के लिए
विधि – How to make Besan Masala Sev
बेसन गूंथिए
बेसन में बेकिंग सोडा, अजवायन (मसलकर), मसाले और नमक डालकर सभी सामग्रियों को मिला लीजिए. फिर, इसमें तेल भी डालकर मिक्स कर दीजिए. गरम पानी की सहायता से एकदम नरम आटा चपाती के आटे से भी नरम आटा गूंथ लीजिए. गुंथे आटे को 10 मिनिट तक फूलने के लिए रख दीजिए.
कढ़ाही में तेल डालकर गरम कर लीजिए. इसी बीच, सेव मशीन में मोटे छेद वाली जाली लगाइए. हाथ को तेल से थोड़ा सा चिकना करके थोड़ा सा गुंथा बेसन लेकर रोल बनाइए और मशीन के कन्टेनर में भर लीजिए. मशीन के कवर को मशीन पर फिट कीजिए.
सेव तलिए
सेव तलने के लिए डालने से पहले तेल चैक कर लीजिए. इसके लिए जरा सी बेसन की गोली तेल में डालकर देखिए कि यह तुरंत सिककर ऊपर आ रही है, तो तेल पर्याप्त गरम है. अब, मशीन को कढ़ाही के थोड़ा ऊपर रखकर पिस्टन को दबाइए, सेव अपने आप मशीन से निकलकर कढ़ाही में गिरने लगेंगे. जितने सेव कढ़ाही में आ जाएं, अतने सेव डालकर मशीन को साइड में रख दीजिए. जैसे ही सेव तैरकर ऊपर आएं, वैसे ही इन्हें पलट दीजिए और गैस कम कर दीजिए ताकि ये करारे हो जाएं.
तले हुए सेव को निकालकर प्याले पर रखी छलनी में डाल दीजिए जिससे इनका अतिरिक्त तेल निकलकर प्याले में चला जाए. बाकी गुंथे बेसन से भी इसी प्रकार सेव बनाकर तल लीजिए.
जब मशीन खाली हो जाए, तब नीचे से खोलकर कवर हटा दीजिए और मशीन का लीवर ऊपर खींच लीजिए और कन्टेनर में फिर से बेसन् भर लीजिए और उपरोक्त विधि के अनुसार ही सेव बनाकर तल लीजिए.
नमकीन मसाला सेव तैयार हैं. आप इन्हें ऎसे ही या इन पर थोड़ा सा चाट मसाला बुरककर सर्व कीजिए. मसाला सेव को 1 से 2 घंटे खुली हवा में रहने दे और अच्छे से ठंडा होने के बाद किसी भी कन्टेनर में भरकर रख दीजिए, फिर 2 से 3 महीने तक सुबह या शाम की चाय के साथ कभी भी कन्टेनर से सेव निकाले और खाएं.