आवश्यक सामग्री – Ingredients for bajra til tikki

  • बाजरे का आटा – 1 कप
  • तिल – 2 टेबल स्पून
  • गुड़ – 40 ग्राम (1/4 कप से कम)
  • तेल – तलने के लिये

विधि – How to Make bajra til tikki

किसी भगोने में गुड़ और 1/4 कप पानी डालकर गुड़ पिघलने तक इसे पका लीजिए. गुड़ के सीरप को प्याले में निकाल लीजिए.

किसी बर्तन में बाजरे का आटा लीजिये, आटे में तिल और 2 टेबल स्पून तेल मिला दीजिये. गुड़ के घोल की सहायता से पराठे के जैसा नरम आटा गूथिये. आटे को 10 मिनिट के लिए ढककर रख दीजिए.

कढ़ाही में तेल डाल कर गरम कीजिये. आटे को थोड़ा सा मसल मसल कर चिकना कर लीजिए.

गूथे हुये आटे से थोड़ा सा आटा निकालिये, हाथ पर थोड़ा सा पानी लगा लीजिए. आटे की पहले गोल लोई बनाइए और फिर दोनों हथेलियों की सहायता से इसे दबाकर बढ़ा लीजिए. टिक्की को गरम तेल में डालिये. एक-एक करके टिक्कियां बनाकर इसी तरह तेल में डाल दीजिए. इन टिक्कियों को पलट पलट कर धीमी और मीडियम आग पर अच्छी ब्राउन और कुरकुरी होने तक तल लीजिये. सिकी टिक्कियों को प्लेट में निकालकर रख लीजिये. इसी तरह से सारी बाजरे की टिक्की बनाकर तैयार कर लीजिये.

गरमागरम बाजरे की टिक्की खाइये और खिलाइये. बाजरे की टिक्कियों को ठंडा करके एअर टाइट डिब्बे में भर कर रख लीजिये, जब भी आपका मन करे बाजरे की टिक्की डिब्बे से निकालिये और चाय के साथ 15 दिन तक खाइये.

सुझाव

  • अगर गुड़ में गंदगी लगे, तो इसके सीरप को छलनी से छान लीजिए.
  • बहुत ज्यादा गरम तेल में टिक्की ना डालें.
  • टिक्कियों को धीमी और मीडियम आग पर ही तलें.
  • गुड़ ज्यादा न डालें, गुड़ ज्यादा होने से टिक्की तेल में तलते समय तेल के अन्दर बिखर सकती है. आटे को मसलमसल कर मुलायम कर लीजिये, नहीं तो टिक्की बड़ाते समय टूट जाती है.