आवश्यक सामग्री Ingredients for Gur Dhani Recipe

  • बेसन – 2 कप 
  • गुड़ –  2 कप (टुकड़े किये हुये )
  • तेल – आटा लगाने और सेव तलने के लिये

विधि – How to cook Gud Dhani Chikki

बेसन को किसी बर्तन में निकाल लीजिये.
बेसन में 1/4 कप तेल डाल कर अच्छी तरह मिलाइये.
गुनगुने पानी की सहायता से नरम आटा गूथिये. आटे को 15-20 मिनिट के लिये सैट होने के लिये रख दीजिये.

20 मिनिट बाद, आटा सेव बनाने के लिये तैयार है. हाथ पर तेल लगाकर आटे को चिकना कर लीजिए. इतना आटा लगाने में आधा कप पानी लगा है. 
कढ़ाही में तेल डालकर गरम कीजिये, आटे को सेव मशीन के अन्दर भरिये. मशीन में मोटे सेव की जाली लगाकर फिक्स कीजिए. तेल गरम होने पर इसे चैक कीजिए. इसमें थोड़ा सा बेसन डालकर तलकर देखिए. यह तुरंत ऊपर सिककर आना चाहिए. मशीन के हत्थे को दबाकर सेव तेल में निकालकर डालिये और हल्के ब्राउन होने तक सेव तलकर प्लेट में निकालकर रख लीजिये. सारे बेसन के सेव इसी तरह तल कर तैयार कर लीजिये.  

चाशनी बनाइए

गुड़ के टुकड़े पैन में डालिए और साथ में 3/4 कप पानी डालकर गरम कीजिये. उबाल आने पर चमचे से चला कर देखिये कि सारा गुड़ का सीरप बन गया है. इसे छान लीजिए.

इसके बाद, सीरप को वापस कढ़ाही में डालकर 3 तार की जमने वाली कन्सिस्टेन्सी की चाशनी बना लीजिए.   चाशनी को 2 मिनिट बाद, चैक कीजिए. इसकी 1 से 2 बूंदे प्लेट में डालिए और उंगली और अंगूठे के बीच चिपकाकर देखिए. इसमें से 2 से 3 तार निकलते दिखने चाहिए, तो चाशनी तैयार है. इस बीच चाशनी को लगातार चलाते रहें. इस चाशनी को गुड़ घुलने के बाद 5 से 6 मिनिट पका लिया है. 

इस चाशनी में सेव तोड़कर डालकर अच्छी तरह मिलाइये. गैस कम कर लीजिए और 2 मिनिट तक इसे पका लीजिए. सेव को लगातार तब तक चलाते रहिए जब तक कि इन पर सेव की कोटिंग ना हो जाए.  गुड़्दानी को जमाने के लिए एक प्लेट में थोड़ा सा तेल डालकर इसे चिकना कर लीजिए. जैसे ही चाशनी सेव के चारों ओर अच्छे से लिपट जाए, वैसे ही इसे प्लेट में डालकर अच्छे से दबाकर जमा दीजिए. आधा- पौना घंटे में गुड़दानी जमकर तैयार हो जाएगी. 

गुड़दानी के जमने के बाद इसे प्लेट से निकालने के लिए प्लेट को नीचे की ओर से गैस पर रखकर हल्का सा गरम कर लीजिए और चाकू की सहायता से गुड़दानी को चारों ओर से प्लेट से अलग कर लीजिए.  आप इस गुड़दानी के मनपसन्द आकार के टुकड़े बना लीजिये.  गुड़धानी (Gud Dhani) तैयार है.

गुड़दानी को किसी एअर टाइट कन्टेनर में भर कर रख लीजिये, महीने भर तक थोड़ी गुड़धानी (Gud Dhani) रोजाना खाते रहिये.

सुझाव

  • यदि सेव की मशीन नहीं हो तो झावा का प्रयोग भी कर सकते हैं.
  • सेव चाशनी में डालने के बाद लगातार जमने तक चलाते रहें वरना चाशनी नीचे जम जाएगी. 
  • अगर गुड़ के सेव बनाने हैं तो इसे जमाइए नही, बस कढ़ाही में सेव को लगातार चलाते रहिए. यह खिले-खिले बन जाएंगे.