आवश्यक सामग्री – Ingredients for Peanut Chikki
- मूंगफली के दाने – 1 कप (150 ग्राम) (भुने छिले हुए)
- गुड़ – 1 कप (200 ग्राम) (क्रम्बल्ड)
- घी – 2 टेबल स्पून
विधि – How to make Moongphali Gud ki Chikki
पैन में क्रम्बल्ड किया हुआ गुड़ और 1 छोटी चम्मच घी डाल दीजिए. गुड़ को लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर पिघलाइए. गुड़ के बड़े टुकड़ों को चमचे से तोड़ दीजिए ताकि ये जल्दी से पिघल जाए. गुड़ के पिघलने के 2 मिनिट बाद तक इसे चमचे से चलाते हुए पकाइए.
2 मिनिट बाद, गुड़ फूला-फूला दिखने लगेगा. इसे चैक कर लीजिए. गुड़ चैक करने के लिए एक प्याली में थोड़ा सा पानी लीजिए. इसमें थोड़ा सा गुड़ डालकर इसे ठंडा होने दीजिए. इसके बाद. गुड़ को उठाकर देखिए, गुड़ अगर खिंच रहा हो, तो गुड़ को थोड़ी देर और पका लीजिए.
1 मिनिट बाद, गुड़ को फिर से चैक कीजिए. गुड़ टूटने लगे, तो गुड़ की चाशनी तैयार है. गैस धीमी कर दीजिए और गुड़ में मूंगफली के दाने डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर दीजिए. फिर, गैस बंद कर दीजिए.
मिश्रण जमाने के लिए बोर्ड और चमचे को घी लगाकर चिकना कर लीजिए. चिक्की का मिश्रण बोर्ड पर डालिए चमचे से चिक्की को पतला-पतला फैला लीजिए. इसके बाद, बेलन पर थोड़ा सा घी लगाकर चिकना कीजिए और चिक्की को बेल लीजिए. बेली हुई चिक्की को थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए.
चिक्की के हल्की ठंडी होने पर इस पर चाकू से अपनी पसंद के अनुसार साइज में काटने के निशान लगा लीजिए. इसके पूरी तरह से ठंडा होने के बाद, इनके टुकड़े बोर्ड से अलग कर दीजिए.
क्रिस्पी और टेस्टी मूंगफली की चिक्की तैयार है. चिक्की को किसी भी कन्टेनर में भरकर रख दीजिए और पूरे 2 से 3 माह तक इसके स्वाद का आनंद उठाइए.
सुझाव
- मूंगफली के दानों को माइक्रोवेव में भून सकते हैं. इसका तरीका हमारी वेबसाइट के इस लिंक पर देख सकते है: मूंगफली माइक्रोवेवे में भूनिए
- कढ़ाही में भी इन्हें भूना जा सकता है. कढ़ाही में मूंगफली के दाने डालिए और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए 8 से 10 मिनिट तक भूनिए.
- चिक्की को स्टील की थाली के पीछे जमाएं तो यह बहुत जल्दी और आसानी से निकल आती है क्योंकि थाली को पिछली तरफ से धीमी आंच पर हल्का सा गरम किया जा सकता है.
- गुड़ को लगातार चलाते हुए पिघलाएं.
- गुड़ को चैक करते रहें. गुड़ कम पका हो,तब चिक्की चिपचिपी बनती है और ज्यादा पक जाने पर चिक्की कड़वी बनती है.