आवश्यक सामग्री – Ingredients for Sesame Semolina Burfi Recipe

  • तिल – 1 कप (150 ग्राम)
  • सूजी – 1 कप (180 ग्राम)
  • चीनी – 1 कप (225 ग्राम) 
  • घी – ½ कप (125 ग्राम)
  • पिस्ते – 1 टेबल स्पून 
  • बादाम – 1 टेबल स्पून 
  • घी – 2 टेबल स्पून 
  • इलायची पाउडर – 1 छोटी चम्मच

विधि – How to make Til Sooji Barfi

बर्फी बनाने की शुरूआत तिल भूनने से कीजिए.  इसके लिए पैन गरम कीजिए. इसमें तिल डालकर लगातार चलाते हुए तिल को हल्का सा फूलने और जरा सा रंग में बदलाव आने तक भून लीजिए. भुने तिल कोे प्लेट में निकाल लीजिए.

कढ़ाही में घी डालकर इसमें सूजी डाल दीजिए और सूजी को लगातार चलाते हुए धीमी-मीडियम आंच पर हल्की ब्राउन होने और अच्छी महक आने तक भून लीजिए. सूजी भुन जाने पर इसे भी प्लेट में निकाल लीजिए.

पिस्तों को पतला-पतला काट लीजिए और बादाम को भी बारीक काटकर तैयार कर लीजिए.

चाशनी बनाएं 
पैन में चीनी और ⅓ कप पानी डालकर चीनी के पानी में घुलने के बाद 1 से 2 मिनिट तक पकाएं. चाशनी में से तार निकलने पर चाशनी बनकर के तैयार है. गैस धीमी कर दीजिए और इसमें भूनकर रखी हुई सूजी और तिल डालकर अच्छे से मिक्स कीजिए.

इलायची पाउडर और बारीक कटे हुए बादाम डालकर अच्छे से मिक्स कीजिए. फिर, गैस बंद कर दीजिए और मिश्रण को थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए. एक थाली को थोड़े से घी से चिकना कीजिये. मिश्रण को थाली में डालकर फैलाइये और बारीक कटे हुए पिस्तों से इसे सजा दीजिए. बर्फी को ठंडा करने के लिये रख दीजिये. मिश्रण के जम जाने पर इसे चाकू की सहायता से अपने मनपसन्द आकार के टुकड़ों में काट लीजिये.

तिल सूजी की स्वादिष्ट बर्फी तैयार है. बर्फी को एअर टाइट कन्टेनर में भरकर रखिये और 1 माह तक जब भी आपका मिठाई खाने का मन हो, बर्फी निकालिये और खाइये.

सुझाव

  • आप बर्फी में मेवे अपनी पसंद के अनुसार डाल सकते हैं और  चाहे तो ड्राई फ्रूट्स के बिना भी बर्फी बना सकते हैं.
  • तिल ज्यादा न भूनें क्योंकि ज्यादा भूनने पर तिल कड़वे हो जाते हैं. ये बस  2 से 3 मिनिट में ही भुन जाते हैं