आवश्यक सामग्री – Ingredients for Soybean Laddu
- सोयाबीन का आटा- 1 कप
- गेहूं का आटा- 1 कप
- खांड़/ बूरा- 1.5 कप
- घी- ¾ कप
- काजू- 5 से 6
- बादाम- 5 से 6
- पिस्ते- 10 से 12
- इलायची- 4 से 5 (बारीक कुटी हुई)
विधि – How to make Soybean Flour Laddu
दोनों आटे किसी थाली में छान कर निकाल लीजिये.
कढ़ाही गरम करके इसमें आधा घी डाल दीजिए. घी के पिघलने पर दोनों आटे डालिये और चमचे लगातार चलाते हुये मीडियम आग पर आटे को ब्राउन होने तक और अच्छी खुशबू आने तक भून लीजिये. गैस बंद कर दीजिए और आटे को ठंडा होने दीजिये.
इसी बीच काजू, पिस्ते और बादाम बारीक काट लीजिए. बीच-बीच में आटे को चमचे से चला लीजिए ताकि आटा तले पर लगकर जले ना.
जब आटा हल्का गरम रह जाय तब एक बड़े प्याले में खांड़ लीजिए और इसमें भुना आटा डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. मेवे और कुटी इलायची डालकर मिला लीजिए. हाथ से अच्छी तरह मिलाइये. लड्डू बनाने के लिये मिश्रण तैयार है.
थोड़ा थोड़ा मिश्रण उठाइये और हाथ में रखिये दोनों हाथों से दबा दबाकर गोल गोल लड्डू बनाकर थाली में लगाकर रखिये. लड्डू छोटे या बड़े बनाए जा सकते हैं. सारे मिश्रण से लड्डू बनाकर तैयार कर लीजिये.
सोयाबीन लड्डू (Soybean Laddu) तैयार हैं, लड्डू को एअर टाइट कन्टेनर में भरकर रख लीजिये. सोयाबीन लड्डू आप रोजाना अपने नाश्ते में 1 खाइये, लड्डू बहुत स्वादिष्ट और ताकत देने वाले हैं.
सोयाबीन आटे से बने ये लड्डू 2 से 3 महीने तक रख कर भी खा सकते हैं.
सोयाबीन लड्डू के लिये अगर आपके पास बूरा नहीं मिल पा रहा है तब आप बारीक पिसी चीनी को डालकर लड्डू बना लीजिये. (बूरा चीनी से बनाकर तैयार किया जाता है. How to make Tagar or Bura?)
सुझाव
- सोयाबीन लड्डू बनाने में ब्राउन शुगर (चीनी) भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
- लड्डू में अपने पसंद के मेवे यूज कर सकते हैं और चाहे तो बिना मेवों के भी इन्हें बना सकते हैं.
- आटे को तेज गैस पर ना भूनें. इसे मीडियम गैस पर चमचे से लगातार चलाते हुए भूनें.
- एकदम गरम आटे में बूरा ना मिलाएं वरना मिश्रण पतला हो सकता है. आटे के हल्के ठंडे होने पर बूरा मिक्स करें.
- लड्डू को हल्के गरम मिश्रण के रहते ही बना लीजिए. अगर मिश्रण ज्यादा ठंडा हो जाता है, तो लड्डू बनते नही हैं, बिखरने लगते हैं.
- अगर मिश्रण थोड़ा सूखा लगे तो इसमें थोड़ा सा घी डाल सकते हैं.