आवश्यक सामग्री (Ingredients for Mawa Peda)
- मावा – 300 ग्राम ( 1 1/2 कप)
- तगार (बूरा) – 1 कप
- घी – 1 टेबल स्पून
- इलाइची – 10
- पिस्ते – 10 से 12
विधि – How to make Mawa Peda
सबसे पहले मावा भूनिए. इसके लिए, पैन गरम करके इसमें मावा डाल लीजिए. (मावा मुलायम है तो ऎसे ही डालें वरना इसे क्रम्बल करके डालें.) मावा में थोड़ा सा घी डाल लीजिए और मावा को कलछी से चलाते हुये धीमी गैस पर हल्का गुलाबी होने तक भून लीजिये.
भुने हुये मावा को ठंडा होने दीजिए. इसी बीच 4 इलायची छीलकर पाउडर बना लीजिए. पिस्ते भी काट लीजिए. बचे हुये इलाइची छीलकर दाने निकाल लीजिये.
कम गरम मावा में तगार और इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिला लीजिए.
मावा तगार मिक्स करने के साथ ही मिश्रण तैयार है. पेड़े बनाने के लिए थोड़ा सा मिश्रण हाथ में उठाइए और हाथ से गोल और चपटा करके प्लेट पर रख दीजिए. सारे पेड़े इसी तरह बना लीजिए. पेड़े के ऊपर पिस्ता और 3-4 दाने इलाइची के रखकर हाथ से दबा कर लगा दें.
मावा के पेड़े तैयार है. इन्हें आप किसी भी त्यौहार पर या ऎसे ही मीठा खाने का मन करे तब बना सकते हैं.
सुझाव
- मावा को भूनने से इसकी शेल्फ लाइफ बढ़ जाती है.
- मावा जले ना इसलिए इसमें थोड़ा सा घी डाला गया है.
- पेड़े सांचे से जल्दी बन जाते है. हाथ से बनाने में इसमें थोड़ा सा समय अधिक लग जाता है.
- ज्यादा गरम या ज्यादा ठंडे मावा में बूरा ना मिलाएं. ज्यादा गरम मावा में बूरा मिलाने से यह मेल्ट हो जाता है और पेड़े सही नही बन पाते. ज्यादा ठंडे मावा में बूरा मिलाने से यह बिखर जाता है और पेड़े का शेप नही आ पाता.