आवश्यक सामग्री –
- दूध फुलक्रीम – 1 लीटर (5 कप)
- बेकिंग सोडा – आधा पिंच
- सेब – 400 ग्राम (मीडियम आकार के 2 सेब)
- चीनी – 75 ग्राम ( 1/3 कप)
- काजू – 10
- किशमिश – 15-20
- पिस्ते – 7-8
- छोटी इलाइची – 4
विधि –
दूध को किसी भारी तले की कढ़ाई में गरम करने के लिये गैस पर रख दीजिये. दूध को उबाल आने के बाद चमचे से चलाइये और दूध के आधा रहने तक उबाल लीजिये, थोड़ी थोड़ी देर में उबलते दूध को चमचे से नीचे तले तक ले जाते हुये चलाइये ताकि दूध कढ़ाई के तले में लगे नहीं.
काजू को एक काजू के 7-8 टुकड़े करते हुये काट लीजिये, चार काजू साबुत बचा लीजिये जो खीर को सजाने के काम में आयेंगे. किशमिश के डंठल तोड़्कर धो लीजिये. पिस्ते बारीक कतर लीजिये. छोटी इलाइची छील कर कूट लीजिये.
सेब को धोइये, छीलिये और बीच का सख्त हिस्सा हटा कर कद्दूकस कर लीजिये.
उबलते दूध में बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिला दीजिये, कद्दूकस किया हुआ सेब डालिये और खीर में फिर से उबाल आने तक चमचे से चलाते हुये पकाइये.
सेब के पकने और खीर के गाड़ा होने, एक जैसे मिलने के बाद सूखे मेवे और चीनी मिला दीजिये. खीर को चमचे से चलाते हुये 2-3 मिनिट पकाइये. सेब की खीर बन चुकी है, आग बन्द कर दीजिये. खीर में कुटी इलाइची डालकर मिला दीजिये.
सेब की खीर को प्याले में निकालिये और ऊपर से बारीक कटे पिस्ते और काजू से सजाइये. सेब की खीर गरम या ठंडी जैसे चाहें परोसिये और खाइये.
सुझाव:
सेब की खीर में आप अपने मन पसन्द से सूखे मेवे डाल सकते हैं और जो आपको न पसन्द हों उन्हैं हटा सकते हैं. सेब की खीर छोटे बच्चों जो 2 साल से छोटे हैं, उनके लिये बना रहे हैं तब आप सेब की खीर में सूखे मेवे नहीं डालें.
- 4-5 सदस्यों के लिये
- समय – 45 मिनिट