आवश्यक सामग्री –
- दूध – 1/2 लीटर (2.5 कप)
- मखाने – 1/2 कप
- काजू – 10 से 12
- किशमिश – 2 टेबल स्पून
- बादाम – 10
- चिरोंजी – 1 टेबल स्पून
- चीनी – 1/4 कप
- सूखा नारियल – 1 से 2 इंच टुकड़ा
- इलाइची – 3 से 4
- पिस्ते – 8 से 10
विधि-
किसी भगोने में दूध डालकर उबलने रख दीजिए. भगोने को इस्तेमाल करने से पहले उसे धो ज़रूर लें क्योंकि सूखे भगोने में दूध उबालने से यह तले पर लगकर जल सकता है.
इसी बीच मेवों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए. नारियल को एकदम पतला-पतला काटिए. इलायची को भी छीलकर कूटकर पाउडर बना लीजिए.
दूध में उबाल आने के बाद सारे मेवे- मखाने, काजू, बादाम, चिरोंजी, किशमिश और नारियल दूध में डाल दीजिए . दूध को चमचे से अच्छी तरह चलाकर मेवे मिला दीजिये.
10 मिनिट तक धीमी गैस पर खीर पकने दीजिये. हर 2-3 मिनिट के बाद खीर को चमचे से चलाते रहिये. आप देखेंगे कि खीर गाड़ी हो गई है और चमचे से जब आप खीर को ऊपर से गिरायें तो मेवे और दूध एक साथ गिरना चाहिये.
खीर में चीनी मिला दीजिये और इसमें इलाइची पाउडर डालकर भी मिक्स कर दीजिए. गैस बन्द कर दीजिये और खीर को 2 मिनिट के लिए ढक दीजिए ताकि इलायची की महक मेवों में अच्छी तरह से समा जाए और चीनी भी घुल जाएगी.
खीर को प्याले में निकाल लीजिये और पिस्तों से गार्निश कर दीजिए. मेवा की खीर को गरमा गरम या ठंडी जैसे चाहें खाएं. वैसे खीर को फ्रिज में 2 से 3 घंटे के लिए रखकर ठंडा-ठंडा सर्व किया जाए, तो इसका ज़ायका बेहद उम्दा लगता है.
सुझाव
- ऊपर दिये गये मेवे में से यदि कोई मेवा नहीं मिल पाये तो कोई समस्या नहीं है, जितनी मेवा आपके पास हैं खीर उन्हीं से बना लीजिये, आपको जो मेवा नहीं पसन्द हो उसे हटा सकते हैं, और जो मेवा ज्यादा पसन्द हो उसे ज्यादा डाल सकते हैं.
- खीर के लिए फुल क्रीम मिल्क लें, तो खीर ज्यादा स्वादिष्ट बनती है.
- आप खीर को थोड़ा और पकाकर गाढ़ा करने चाहे, तो कर सकते हैं लेकिन अधिक गाढ़ी खीर उतनी अच्छी नही लगती.