आवश्यक सामग्री – Ingredients for Methi Coconut Laddu Recipe

  • मेथी दाने- ¾ कप (100 ग्राम)
  • बादाम- ¾ कप (100 ग्राम)
  • गोंद- ½ कप (100 ग्राम)
  • गुड़- 2 कप (400 ग्राम) (बारीक तोड़ा हुआ)
  • गेहूं का आटा- 1 कप (150 ग्राम)
  • सूखा नारियल- 2 कप (100 ग्राम) (कद्दूकस किया हुआ
  • घी- 1 कप (200 ग्राम)
  • इलायची- 1 टेबल स्पून (5 ग्राम)
  • सफेद मिर्च/ काली मिर्च- 1 टेबल स्पून (5 ग्राम)
  • पीपर- 7 से 8 (5 ग्राम)
  • अदरक पाउडर- 2 टेबल स्पून (5 ग्राम)
  • फुल क्रीम दूध- 100 मि ली

विधि – How to make Methi Ke Ladoo

मेथी को साफ करके कपड़े से पौंछकर ले लीजिए. मेथी को बारीक पीसकर दूध में 3 से 4 घंटे भिगो लीजिए.

पैन में 3 से 4 टेबल स्पून घी डालकर गरम कीजिए. घी पिघलने पर इसमें भीगी हुई मेथी डाल दीजिए. इसे लगातार चलाते हुए हल्का रंग बदलने, मेथी से घी अलग होने और अच्छी खुशबू आने तक मध्यम आंच पर भून लीजिए. 7 से 8 मिनिट में मेथी के भुन जाने पर इसे प्याले में निकाल लीजिए.

आटा भूनने के लिए 2 से 3 टेबल स्पून घी पैन में डाल लीजिए. घी पिघलने के बाद, इसमें आटा डालकर लगातार चलाते हुए अच्छा गोल्डन ब्राउन होने तक मध्यम आंच पर भून लीजिए. आटा भुनने में 12 मिनिट लग जाते हैं. भुने आटे को भुनी मेथी के प्याले में डाल लीजिए.

 

गोंद भूनने के लिए पैन में घी डालकर पिघला लीजिए. कम गरम घी में थोड़ा सा गोंद डालकर देख लीजिए कि यह अच्छे से फूल रहा है या नही. गोंद के फूलने और हल्का ब्राउन होने पर इसे प्लेट में निकाल लीजिए और ऎसे ही थोड़ा-थोड़ा करके गोंद भून लीजिए.

बचे हुए घी में बादाम डालकर 2 मिनिट धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भून लीजिए. भुने बादम को निकालकर प्लेट में रख लीजिए.

सूखे नारियल को भी बचे हुए घी में लगातार चलाते हुए 2 मिनिट धीमी आग पर भून लीजिए.

गुड़ को पिघलाने के लिए पैन में 2 छोटी चम्मच घी डालकर गरम कीजिए. घी पिघलने पर गुड़ डालकर इसे धीमी आंच पर मेल्ट होने दीजिए. बीच-बीच में इसे चलाते रहिए.

 

इसी बीच, मेवे और मसाले पीसकर तैयार कर लीजिए. बादाम को बारीक पीसकर मसाले में मिला लीजिए. इसके बाद, इलायची, सफेद मिर्च, पीपर, अदरक पाउडर डालकर पीस लीजिए और प्याले में निकाल  लीजिए. भुना हुए नारियल को भी हल्का सा बारीक पीस लीजिए.

गोंद को बेलन से दबाकर बारीक कर लीजिए.

गुड़ के पूरी तरह से पिघलने पर गैस बंद कर दीजिए और इसमें सारी चीजें-पिसा हुआ और भुना हुआ मसाला डालकर अच्छी तरह से मिला दीजिए.

 

पैन को जाली स्टेन्ड पर रख लीजिए. लड्डू बांधने के लिए हाथ पर थोड़ा सा घी लगाइए और थोड़ा सा मिश्रण हाथ में लेकर गोल करके बांधते हुए लड्डू बना लीजिए. इतने मिश्रण से 34 लड्डू बन जाते हैं.

मेडिशनल मेथी नारियल का 1 लड्डू रोजाना खाइए, यह आपके लिए बहुत फायदेमंद होंगे. लड्डू के पूरी तरह ठंडा होने के बाद किसी भी कन्टेनर में भरकर रख दीजिए और 3 महीने तक खाते रहिए.

सुझाव

  • मेथी को दूध में भिगोने से कढ़वाहट कम हो जाती है और मेथी फूल जाती है और मेथी सख्त नही रहती.
  • गोंद को कम गरम घी में भूनने पर ही यह अच्छे से फूलता है.
  • गोंद को मिक्सर में ना पीसे, बेलन से ही दबाकर बारीक कर लें.
  • पीपर का सेवन सर्दियों में लाभदायक है.
  • गुड़ अपने स्वादानुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं.
  • आप चाहे तो नारियल को बिना पीसे भी यूज कर सकते हैं.
  • मिश्रण के हल्के गरम रहते ही लड्डू बांध लीजिए. ठंडे होने पर मिश्रण बिखरने लगता है.
  • लड्डू का साइज थोड़ा छोटा ही रखें.