आवश्यक सामग्री –
- पोहा (Flattened rice) – ½ कप (35 ग्राम)
- चीनी – ¼ कप (60 ग्राम)
- काजू – 1 बडा़ चम्मच (छोटा छोटा काट लीजिये)
- किशमिश – 1 बडा़ चम्मच (डंठल हटा कर साफ कर लीजिये)
- पिस्ते – 12-15 ( पतले पतले काट लीजिये)
- इलायची – 4 ( छील कर पाउडर बना लीजिये)
- फूल क्रीम दूध – 500 मिलीलीटर
विधि –
पोहा खीर बनाने के लिए दूध को किसी भारी तले के बर्तन में डालकर गरम करने के लिये रख दीजिए. दूध में उबाल आने पर गैस को धीमा कर दीजिए, उबलते दूध में पोहा डाल दीजिए और धीमी आंच पर पकने दीजिए और हर 2-3 मिनिट में इसे चलाते रहें ताकि खीर तले से लग कर जले नहीं. इसे तब तक पकाएं जब तक की पोहा फूल कर दूध के साथ एकसार न हो जाए.
खीर में मेवे डाल दीजिए, और थोड़े से मेवे बचा लीजिये, जो खीर पर गार्निस करने के काम आयेंगे. खीर को अच्छी तरह चमचे को बर्तन के तले में ले जाते हुये चलाइये, मेवे मिक्स कर लीजिए, खीर को गाढ़ा होने तक पकाइये, थोड़ी थोड़ी देर में चलाते रहिये.
जब पोहा और सारे मेवे अच्छी तरह से मिक्स होकर एकसार हो जाएं तब इसमें चीनी मिला दीजिए और खीर को 1-2 मिनिट तक या चीनी घुलने तक और पका लीजिए. खीर में इलायची पाउडर डालकर मिला दीजिये.
लगभग 15- 16 मिनिट में खीर बन जाती है, पोहा खीर बन कर तैयार है, गैस बन्द कर दीजिये और खीर को प्याले में निकाल लीजिये और पतले कतरे मेवे ऊपर से डाल कर सजाईये.
पोहा खीर को गरम या ठंडा दोनो तरह से परोस सकते हैं.
सुझाव:
- खीर में मेवा अपने पसन्द के अनुसार डाली जा सकती है. सूखे मेवे कम ज्यादा करके डाल सकते हैं या जो आपको न पसन्द हों उन्हें हटा सकते हैं.
- पोहा को धोकर भी खीर में डाला जा सकता है, पोहे में पानी डालकर, तुरन्त निकाल दीजिये, और दूध में डालिये.
3-4 सदस्यों के लिये
समय – 20 मिनिट