आवश्यक सामग्री –
- कच्चा नारियल – 1 मीडियम आकार का
- दूध – 1 लीटर फुल क्रीम (5 कप)
- काजू – 6 से 7
- किशमिश – 1 टेबल स्पून
- चीनी – 70 से 80 ग्राम (1/3 कप )
- इलाइची – 4
- बादाम – 6 से 7
विधि –
किसी भारी तले के बर्तन में दूध को उबालने के लिये रख दीजिये.
इसी बीच नारियल के ऊपर की ब्राउन परत को चाकू से खुरच लीजिए और नारियल को कद्दूकस कर लीजिये.
दूध में उबाल आने पर कद्दूकस किया हुआ नारियल दूध में डाल दीजिए और दूध में फिर से उबाल आने तक इसे चमचे से चलाते रहिए.
दूध में फिर से उबाल आने के बाद आग मध्यम करके खीर को धीरे-धीरे पकने दीजिए. प्रत्येक 2 से 3 मिनिट में इसे चलाते रहिए.
इसी दौरान मेवे काटकर तैयार कर लीजिए. काजू को छोटे टुकड़ों और बादाम को लंबा बारीक कतर लीजिए. छोटी इलायची को कूटकर पाउडर बना लीजिए.
खीर के गाढ़ा होने पर कटे हुए मेवे इसमें डाल दीजिए. कतरे हुए बादाम खीर की गार्निशिंग के लिए बचा लीजिए. किशमिश भी डाल कर मिला दीजिये. खीर को गाढ़ा होने तक मध्यम आग पर पकाइये, थोड़ी थोड़ी देर में चलाते रहिये ताकि खीर तले से लग कर जले नहीं, जब नारियल और दूध एकसार हो जायें तो आपकी नारियल की खीर बन चुकी है. गैस बन्द कर दीजिये. इसमें चीनी और इलाइची डाल कर मिला दीजिये.
नारियल की खीर (Coconut Kheer) तैयार है, इसको प्याले में निकालिये और पतले कतरे बादाम ऊपर से डाल कर सजाइये.
इसे आप गरम या ठंडा दोनो तरह से परोस सकते हैं. इसे आप व्रत में बनाकर खा सकते हैं या जब भी कुछ मीठा खाने का मन करे तब इसे बनाइए और खाइए.
सुझाव:
- आप नारियल की खीर में मेवा अपने पसन्द के अनुसार जो सूखे मेवा कम ज्यादा करके डाल सकते हैं या जो आपको न पसन्द हों उन्हें हटा सकते हैं.
- खीर को बनते समय प्रत्येक 2 से 3 मिनिट में चमचे से तले तक ले जाते हुए चलाते रहे.
- आप चाहे तो नारियल का ब्राउन भाग खुरचे बिना भी नारियल कद्दूकस कर सकते हैं.
- कद्दूकस किये हुए नारियल को कढ़ाही में 1 टेबल स्पून घी डालकर भूना भी जा सकता है.