नट्, काजू आदि ड्रायफ्रूट्स को पिघली हुई चाकलेट में जमा कर बनाई हुई नट्स चॉकलेट बार्क तुरत फुरत बनने वाली चाकलेट है. बच्चों को तो यह बहुत पसंद आती है. अगर आप चॉकलेट पसंद करते हैं तो किसी भी त्यौहार पर चाकलेट बार्क बना सकते हैं.

 

आवश्यक सामग्री – Ingredients for Drufruit Chocolate
व्हाइट कम्पाउन्ड – 185 ग्राम
डार्क कम्पाउन्ड – 375 ग्राम
किशमिश – ½ कप
काजू – ½ कप
अखरोट – ½ कप
पिस्ते – 2 टेबल स्पून

विधि –
ड्राईफ्रूट चॉकलेट बार्क बनाने के लिए सबसे पहले काजू को बारीक टुकड़ों में काट कर तैयार कर लीजिए, अखरोट को भी छोटा छोटा काट कर तैयार कर लीजिए और पिस्तों को भी इसी तरह से बारीक टुकड़ों में काट लीजिए.

किशमिश के डंठल हटा कर इसे साफ कर लीजिए.
ड्राईफ्रूट को माइक्रोवेव में 1 मिनिट के लिए रोस्ट कर लीजिए.

व्हाइट कम्पाउन्ड चॉकलेट को बारीक काट कर या तोड़कर प्याले में निकाल लीजिए. इसी तरह से डार्क कम्पाउन्ड चॉकलेट को भी बारीक काट कर या तोड़कर दूसरे प्याले में निकाल लीजिए.

डार्क कम्पाउन्ड चॉकलेट को 1 मिनिट के लिए माइक्रोवेव कर लीजिए. चॉकलेट को बाहर निकालें ओर इसे चलायें, थोड़ी देर तक चलाते रहें, चौकलेट पूरी तरह मेल्ट हो जाती है, चॉकलेट मेल्ट होकर तैयार है. इसी तरह व्हाइट कम्पाउन्ड चॉकलेट को भी 40 सैंकड के लिए माइक्रोवेव कर लीजिए, प्याले को बाहर निकाले और चॉकलेट को अच्छे से चलाते रहें चौकलेट मेल्ट होकर तैयार हो जायेगी.

दोनों चॉकलेट मेल्ट होकर तैयार हैं. अब एक ट्रे लीजिए उस पर उसी के साईज के बराबर का बटर पेपर रख दीजिए. अब इस पेपर पर मेल्ट हुई डार्क कम्पाउन्ड चॉकलेट चम्मच से कैसी भी लाइन और डिजायन बनाते हुये डालें और इसे सैट होने दीजिए, अब इस पर मेल्ट हुई व्हाइट कम्पाउन्ड चॉकलेट डाल कर फैला दीजिए, अब इस के ऊपर डार्क कम्पाउन्ड चॉकलेट को डाल कर एक जैसा फैला दीजिए, और इसके ऊपर रोस्ट किए हुए ड्राई फ्रूट इकहरे फैलाते हुये डाल दीजिए. बार्क को 10 मिनिट फ्रिजर में सैट होने के लिए रख दीजिए.

ड्राईफ्रूट चॉकलेट बार्क बनकर तैयार है. बार्क को टुकड़ों में तोड़ कर प्लेट में रख लीजिए. स्वादिष्ट ड्राईफ्रूट चॉकलेट बार्क बनकर तैयार है. ड्राईफ्रूट चॉकलेट बार्क को फ्रिज में रख कर 2-3 माहिने खाया जा सकता है.

सुझाव
आप ड्राई फ्रूट अपनी पसंद के अनुसार उपयोग कर सकते हैं.
चॉकलेट को आप जितना छोटा तोड़ कर पिघलायेंगे वो उतनी जल्दी पिघल जाएगी.
चॉकलेट बहुत ही सेन्सटिव होती है, थोड़ी सी भी अधिक हीट लगने से चॉकलेट ओवर हीट हो जाती है और फिर हार्ड हो जाती है, इसके बाद मेल्ट नहीं होती.
चॉकलेट को पहले एक मिनट के लिए ही पिघलाएं और फिर जरूरत के अनुसार थोडा़ और माइक्रोवेव कर लें. ज्यादा हीट से चॉकलेट जल सकती है.
जिस बर्तन में आप चॉकलेट पिघला रहें हैं वो बर्तन और चम्मच एकदम साफ़ और सूखे होने चाहिएं. पानी की एक बूंद भी चॉकलेट को खराब कर सकती है.