आवश्यक सामग्री –
- गाजर – 400 ग्राम (2 गाजर)
- दूध – 1 लीटर (फुल क्रीम, 5 कप)
- काजू – 1 टेबल स्पून
- किशमिश – 1 टेबल स्पून
- इलाइची – 5 से 6 (पाउडर)
- पिस्ते – 10-12
- बादाम – 10-12 (भीगे हुए)
- चीनी -100 ग्राम (आधा कप)
विधि-
किसी भारी तले के बर्तन में दूध डाल कर गरम कीजिये, जब तक दूध उबलता है तब तक गाजर छील कर कद्दूकस कर लीजिये. गाजर के दोनों तरफ के डंठल और बीच का सख्त हिस्सा हटा दीजिये.
दूध में उबाल आ जाने के बाद, कद्दूकस की हुई गाजर दूध में डाल दीजिए और दूध में फिर से उबाल आने तक इसे चमचे से चला दीजिये. जब दूध में फिर से उबाल आ जाय तब गैस धीमी कर दीजिये और खीर को गाड़ी होने दीजिये. प्रत्येक 2 मिनिट में खीर को चमचे से चलाते रहें.
भीगे हुए बादाम, को छील लीजिए और पतले पतले काट लीजिए. काजू को छोटा छोटा कतर लीजिये. किशमिश के डंठल तोड़कर साफ कीजिये और धो लीजिये.
खीर के गाढ़े होने पर इसमें काजू और थोड़े से बादाम और पिस्ते गार्निशिंग के लिए छोड़कर बाकी डाल दीजिए. किशमिश भी डाल कर मिला दीजिये. धीमी धीमी गैस पर खीर को 5 से 6 मिनिट और पकने दीजिए.
6 मिनिट बाद खीर तैयार है. खीर को चमचे से गिराने पर दूध और गाजर एक साथ गिरेंगे. खीर में चीनी डालिये और 1 से 2 मिनिट पका लीजिए. गैस बन्द कर दीजिये. खीर में इलाइची पाउडर डाल कर मिला दीजिये.
गाजर की खीर तैयार है. गाजर की खीर को प्याले में निकालिये और ऊपर से कतरे हुये पिस्ते और बादाम डाल कर सजाइये. गरमा गरम गाजर की खीर परोसिये और खाइये. ठंडी खीर भी बड़ी स्वादिष्ट लगती है.
सुझाव
गाजर की खीर को जल्दी पकाने के लिए कन्डेन्स्ड मिल्क का यूज कर सकते हैं. 1 लीटर दूध लिया है तो 200 ग्राम कन्डेन्सड मिल्क लें और दूध उबालकर गाजर डालें और गाजर के हल्के नरम होने पर इसमें कन्डेन्स्ड मिल्क डाल दें. खीर जल्दी गाढ़ी हो जाएगी.
- चार लोगों के लिये.
- समय – 50 मिनिट