आवश्यक सामग्री –

  • काजू- 2 कप (टुकड़े)
  • चीनी- ¾ कप
  • इलाइची पाउडर- ½ छोटी चम्मच
  • घी- 4 छोटी चम्मच

विधि –

काजू का पाउडर बनाइए
आधे काजू को मिक्सर जार में डालकर पीस लीजिए और पाउडर तैयार कर लीजिए. तैयार पाउडर को एक प्याले में निकाल लीजिए. बचे हुए काजू भी इसी तरह पीसकर पाउडर बना लीजिए.
थोड़ा-थोड़ा काजू पाउडर छलनी में डालकर छानते जाइए ताकि इसके मोटे टुकड़े आसानी से अलग हो जाएं. मोटे टुकड़ों को अलग प्याली में रखते जाएं.
मोटे टुकड़ों को फिर से पीसकर छानकर पाउडर को इसी में डाल लीजिए. इसके अतिरिक्त इसे ऎसे ही हलवा, खीर इत्यादि में डाला जा सकता है.

पेस्ट तैयार कीजिए
पैन में चीनी और 1/2 कप पानी डाल दीजिए. गैस जला दीजिए और चीनी को पानी में घुलने दीजिए. इसे थोड़ा सा चला लीजिए. चीनी के पानी में घुलते ही, इसमें काजू का पाउडर डाल दीजिए. इसे धीमी आंच पर जमने वाली कन्सिस्टेन्सी तक पका लीजिए. जैसे ही काजू का पेस्ट गाढ़ा लगने लगे, वैस़े ही इसमें इलाइची पाउडर और 2 छोटी चम्मच घी डाल दीजिए. इसे मिक्स करते हुए जमने वाली कन्सिस्टेन्सी तक पका लीजिए. काजू के पेस्ट के गाढ़ा और जमने वाली कन्सिस्टेन्सी तक आने पर इसे चैक कर लीजिए. गैस धीमी कर दीजिए. चम्मच में बिल्कुल जरा सा पेस्ट निकाल लीजिए और इसे ठंडा होने दीजिए. फिर, ठंडे किए हुए पेस्ट की गोली बनाकर देखिए, अगर गोली बन रही है, तो पेस्ट जमने वाली कन्सिस्टेन्सी तक पहुंच गया है. गैस बंद कर दीजिए और पेस्ट को थोड़ा चला दीजिए क्योंकि कढ़ाही गरम है.

 

थाली में थोड़ा सा घी लगाकर इसे चिकना कर लीजिए और तैयार पेस्ट को थाली में निकाल लीजिए जिससे ये जल्दी से ठंडा हो जाए. थाली में पेस्ट निकालने के बाद, पेस्ट को हल्का सा पलटते रहिए ताकि जल्दी ठंडा हो जाए.

काजू कतली बनाइए
बर्फी जमाने के लिए बटर पेपर लीजिए और इसे थोड़े घी से चिकना कर लीजिए. पेस्ट को बीच-बीच में पलट दीजिए ताकि यह जल्दी ठंडा हो जाए और पपड़ी भी न जमे.
जब पेस्ट हल्का गरम रह जाए, तब हाथ को थोड़े से घी से चिकना कर लीजिए और् पेस्ट को हाथ में उठाकर गोल बनाकर बटर पेपर पर रख दीजिए. इसे हाथ से ही थोड़ा सा बढ़ा लीजिए. फिर, बेलन को चिकना करके धीरे-धीरे कम दबाव देते हुए 3 से 4 से.मी. मोटा बेलकर तैयार कर लीजिए. बटर पेपर को घुमा-घुमाकर इसे चौकोर बेलने की कोशिश कीजिए. शीट बेलने के बाद, इसे एअर कन्डीशनर के सामने रख दीजिए या किसी प्लेट में रखकर फ्रिज में रखकर ठंडा कर लीजिए ताकि ये सैट हो जाए.

ठंडा होने के बाद, एक स्केल की मदद से 1.5 इंच पर निशान लगाते हुए काजू कतली को हीरे के आकार में चाकू से काट लीजिए. इसे ऎसे ही हवा में खुला छोड़ दीजिए और खुश्क होने दीजिए.
खुश्क होने के बाद, काजू कतली को बटर पेपर से चाकू की मदद से अलग कर लीजिए. सबकी मनपसंद स्वादिष्ट काजू कतली तैयार है. काजू कतली को फ्रिज में रखकर 1 महीने तक खाया जा सकता है.

सुझाव

  • काजू को बहुत ज्यादा मत पीसिए वरना इनका पेस्ट बन जाएगा.
  • काजू का पेस्ट पकाते समय उसकी कन्सिस्टेन्सी का पूरा ध्यान रखें. जैसे ही वो गाढ़ा हो जाए, उसे चैक ज़रूर कर लें.
  • काजू कतली एक दिन खुला रखने के बाद भी सैट नही होती यानी कि नरम रह जाती है, तो उसे फिर से कढ़ाही में डालकर धीमी आग पर 1 से 2 मिनिट पकाएं और फिर शीट पर बेलकर रखें.
  • अगर पेस्ट अधिक गाढ़ा बन जाए, यानी कि कढ़ाही से निकालते ही जमने लगे, तब उसे वापस कढ़ाही में डालें और 1 चम्मच पानी डालकर धीमी आंच पर 1 से 2 मिनिट पकाकर शीट पर ठंडा करके बेल लें.
  • काजू कतली पर सिल्वर वर्क नही लगाया है, क्योंकि वह सिर्फ शो के लिए होता है और स्वास्थ्य के लिए अच्छा भी नही होता.